पॉलीटेक्निक लोहाघाट की लैब में केमिकल गैस का कहर, बोतल टूटते ही उठा जहरीला धुआं, 8 छात्राएं व शिक्षिका बेहोश,प्रैक्टिकल के दौरान मचा हड़कंप, सभी को अस्पताल पहुंचाया गया उपचार के बाद खतरे से बाहर, एहतियातन लैब सील

Spread the love

 

फोटो – प्रभावित छात्रा का उपचार करते फिजिशियन डॉ राकेश जोशी।

 

लोहाघाट। राजकीय पॉलीटेक्निक लोहाघाट की फार्मेसी लैब में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रैक्टिकल के दौरान एक केमिकल बोतल टूटने से गैस फैल गई। तेज धुंए के कारण एक शिक्षिका सहित आठ छात्राएं बेहोश हो गईं, जिससे संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया। सभी प्रभावितों को तत्काल उपजिला अस्पताल लोहाघाट ले जाया गया, जहां उपचार के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं लैब में प्रैक्टिकल कर रही थीं। इसी दौरान टेबल से एक केमिकल बोतल गिरकर टूट गई, जिससे अचानक तेज धुआं उठा और गैस फैल गई। छात्राओं को सांस लेने में परेशानी होने लगी और कुछ ही देर में वे बेहोश हो गईं। घटना में शिक्षिका शैलजा के साथ छात्राएं कामाख्या, काजल, दिया, शिवानी, गुंजन, गरिमा, संजना व निकिता प्रभावित हुईं।

प्रभारी प्रधानाचार्य अनिल रौतेला ने बताया कि लैब में वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था थी, लेकिन केमिकल बोतल टूटने से अचानक धुंए के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। एहतियात के तौर पर फिलहाल लैब को बंद कर दिया गया है। उपजिला अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विराज राठी, डॉ. ज्ञान प्रकाश व फिजिशियन डॉ. राकेश जोशी की देखरेख में सभी का उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत स्थिर है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य सचिन जोशी ने भी उपचार में सहयोग किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *