फावड़े से हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मधुमक्खी के छत्ते के विवाद में बुजुर्ग की निर्मम हत्या, आला-कत्ल बरामद

Spread the love

चम्पावत। कोतवाली चम्पावत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खर्कबगड़, ग्राम पंचायत खलकडिया में हुए वृद्ध व्यक्ति की हत्या के मामले में चम्पावत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फावड़ा (आला-कत्ल) व खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 07 फरवरी 2026 को डीसीआर के माध्यम से सूचना मिली कि गांव खर्कबगड़ में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि स्वर्गीय अम्बादत्त खर्कवाल (83 वर्ष) निवासी ग्राम खर्क, पोस्ट धामीसीन, अपने घर खर्कबगड़ आए हुए थे।

बताया गया कि एक दिन पूर्व अभियुक्त द्वारा मृतक के घर पर लगे मधुमक्खी के छत्ते को तोड़कर शहद निकाल लिया गया था। इसी बात को लेकर मृतक अपने पुत्र से फोन पर बातचीत कर रहे थे और अभियुक्त की शिकायत करने की बात कह रहे थे। इस पर आरोपी आवेश में आ गया और आंगन में पड़े फावड़े से मृतक के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के पुत्र संजय खर्कवाल की तहरीर पर कोतवाली चम्पावत में अभियुक्त सुभाष खर्कवाल (36 वर्ष) निवासी सनिया खर्कबगड़, ग्राम पंचायत खलकडिया के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। मृतक का पंचायतनामा भरते हुए पैनल डॉक्टरों की टीम द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *