एसओजी का बड़ा एक्शन चल्थी में गुलदार की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

 

 

 

चम्पावत। पुलिस ने वन्य जीव तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। चल्थी क्षेत्र में एसओजी और वन विभाग की संयुक्त टीम ने एक तस्कर को गुलदार (तेंदुए) की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक चम्पावत रेखा यादव के कुशल नेतृत्व में जनपद में वन्य जीव तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। उनके निर्देश पर सभी थाना प्रभारियों और एसओजी टीम को सख्त वैधानिक कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी टनकपुर वंदना वर्मा के निर्देशन में 19 फरवरी 2026 को एसओजी टीम ने चल्थी क्षेत्र में सूचना संकलन और सुरागरसी के आधार पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान संदिग्ध ईश्वर राम उर्फ दीपक (43 वर्ष), निवासी तल्ली खटोली, चौकी चल्थी, थाना/जिला चम्पावत को पकड़ लिया गया।

अभियुक्त के कब्जे से लगभग 162 सेंटीमीटर लंबी, करीब दो वर्ष पुराने गुलदार की खाल, एक ओप्पो मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व जंगली जानवरों को पकड़ने के लिए लगाए गए फंदे में गलती से गुलदार फंस गया था, जिसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने अपने ताऊ के लड़के चन्दन राम के साथ मिलकर खाल निकाल ली थी और अब वह इसे टनकपुर में दो लाख रुपये में बेचने जा रहा था।

अभियुक्त के विरुद्ध वन्य जीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 9/39/48(A)/44/49(B)/51/52 के अंतर्गत रेंज कार्यालय सुखीढांग में मुकदमा दर्ज किया गया है।

चम्पावत पुलिस ने उत्तराखंड की प्राकृतिक धरोहर और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम नंबर 112 पर दें। इस संयुक्त कार्रवाई में एसआई कमलेश भट्ट एसओजी प्रभारी, एसआई राकेश कठायत सहित अन्य पुलिस कर्मियों तथा वन विभाग की टीम में क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन, बन दरोगा गिरीश जोशी, वन आरक्षी गौरव व संजय सिंह शामिल रहे। इस कार्रवाई से वन्य जीव तस्करों में हड़कंप मच गया है और क्षेत्र में पुलिस की तत्परता की सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *