

चंपावत। जनपद चम्पावत के लिए विकास की दिशा में एक बड़ी छलांग लगाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से टनकपुर तक हैली सेवा शुरू करने का ऐलान किया है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत अप्रैल माह के अंत तक सेवा शुरू करने की तैयारी है, जिससे चम्पावत सीधे राजधानी देहरादून से हवाई संपर्क में आ जाएगा।
इस नई हैली सेवा के शुरू होते ही जहां स्थानीय लोगों को तेज और सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी, वहीं पर्यटन को भी जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा। खास तौर पर माँ पूर्णागिरि धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा किसी बड़ी राहत से कम नहीं होगी। अब लंबी और कठिन यात्रा के बजाय लोग कम समय में ही अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
सरकार का मानना है कि यह पहल “आदर्श चम्पावत” के सपने को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को भी इससे नई मजबूती मिलेगी। कुल मिलाकर, यह हवाई सेवा न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि चम्पावत को पर्यटन और विकास के नए नक्शे पर भी मजबूती से स्थापित करेगी।


