

*मानव वन्य जीव संघर्ष की घटनाओं को पूर्णतया रोके जाने हेतु खोजना होगा स्थाई समाधान घटनाओं को रोके जाने हेतु विभाग के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी भी तय की जाए साथ ही तकनीकी लाभ लेते हुए स्थाई समाधान कराया जाए* मुख्यमंत्री धामी
हल्द्वानी 11 अप्रैल 2026
सूवि
*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्किट हाउस हल्द्वानी में जनपद जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस व वन,विकास विभाग के अधिकारियों के साथ ली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक*
हल्द्वानी, 11 अप्रैल 2026 (सूवि)।
माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सर्किट हाउस हल्द्वानी में जनपद नैनीताल के वरिष्ठ प्रशासनिक, पुलिस व वन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष, आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों तथा कानून व्यवस्था ,पेयजल, विद्युत, सिंचाई, जमरानी बांध परियोनाओं की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई और अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने आगामी यात्रा सीजन की तैयारी के संबंध में अवगत कराया की आगामी आदि कैलाश यात्रा हेतु एक मई से जिला प्रशासन पिथौरागढ़ द्वारा इनर लाइन पास जारी करना प्रारंभ कर दिया जाएगा। आदि कैलाश मार्ग वर्तमान में ठीक है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अवगत कराया कि कैंचीधाम बाईपास का निर्माण भी गतिमान है बाईपास पर वैलिब्रिज का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है , 30 मई तक मार्ग को सुचारू कर लिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मेट्रोपोल पार्किंग का निर्माण कार्य भी आगामी 10 दिनों में प्रारंभ कर लिया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मानव वन्य जीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इन घटनाओं को रोके जाने हेतु स्थाई उपाय करने होंगे। लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें लकड़ी आदि लेने जंगल में न जाना पड़े इस तो वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जाय इसके साथ ही विभाग के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारी तय कराई जाए।
व आधुनिक तकनीकी का लाभ उठाते हुए मानव वन्य जीव संघर्ष का स्थाई समाधान कराया जाए। उन्होंने कहा कि अधिक संवेदनशील स्थानों में सोलर फेंसिंग जैसे कार्य कराए जाएं। मानव जीवन तथा वन्य जीव दोनों रहे इस हेतु ठोस कार्रवाई कराई जाए।
बैठक में वन विभाग से आए निदेशक कॉर्बेट पार्क साकेत बडौला द्वारा अवगत कराया कि मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित मृतक व घायल व्यक्तियों को नियमानुसार मुआवजा वितरित किया जा चुका है। पशु हानि के मामलों में भी प्रभावित पशुपालकों को भुगतान कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद नैनीताल प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है, जहां पर्यटकों की सुरक्षा के साथ ही वन क्षेत्रों से सटे गांवों में रहने वाले लोगों की जान-माल की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों रामनगर, हल्द्वानी, कालाढूंगी व नैनीताल में जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए सोलर फेंसिंग व अलर्ट सिस्टम लगाए जाएं। वन विभाग व पुलिस की संयुक्त क्विक रिस्पॉन्स टीम 24×7 अलर्ट रहे। किसी भी घटना पर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने
आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सड़क मार्गों को
गड्ढा-मुक्त रखा जाय। ट्रैफिक व पार्किंग के लिए ठोस योजना लागू के साथ ही शटल सेवा व वैकल्पिक पार्किंग स्थल सक्रिय किए जाएं।
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पर्यटन स्थलों पर हुड़दंग, नशाखोरी व ओवरचार्जिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रासीजन में लगातार चैकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी पर्यटन क्षेत्रों में क्षेत्र में 24×7 निगरानी रखी जाय। प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें और पर्यटकों या स्थानीय नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो यह सुनिश्चित किया जाय ।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में अनेक लाभ मिलेंगे इससे तराई, भावर के क्षेत्र में पेयजल की समस्या दूर होगी, वहीं यहां का भूजल भी बढ़ेगा, साथ ही बाढ़ से बचाव मिलेगी। इस परियोजना के बनने के बाद क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।उन्होंने अधिकारियों को तय समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ने बिन्दुखत्ता को राजस्व गांव बनाए जाने के संबंध में जानकारी लेते हुए इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही हेतु कुमाऊं आयुक्त एवं जिलाधिकारी नैनीताल को आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुन: प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान ग्रीष्मकल एवं मानसून में विद्युत की समस्या सुचारू रहे इस हेतु सभी विद्युत स्टेशनों में आवश्यक उपकरणों के साथ ही सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता को विद्युत संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या ना आए। सभी तैयारी समय पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रीष्मकाल में पेयजल की किल्लत से निपटने हेतु समुचित व्यवस्था के भी निर्देश दिए। इस दौरान सिंचाई विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गोलापुर में कराया जाए सुरक्षाकर कार्यों सहित
यूयूएसडीए द्वारा हल्द्वानी नगर में कराए जा रहे कार्यों की भी प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कार्य यथा समय पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उपस्थित विभिन्न जनप्रतिनिधियों से भी जिले की समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, विधायक डॉ.मोहन सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दायित्व धारी दीपक मेहरा, दिनेश आर्या, शंकर कोरंगा, डॉ.अनिल कपूर डब्बू, नवीन लाल वर्मा, ध्रुव रौतेला, मंडलायुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी, सीडीओ अरविन्द पांडेय सहित अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।


