जनता दरबार में डीएम की संवेदनशीलता—बहरी महिला के कान में गूंजी उम्मीद, मौके पर ही लगवाई मशीन,36 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण, बिजली पोल और भवन सुरक्षा के मामलों में सख्त निर्देश

Spread the love

 

फोटो – जन समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।

 

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के जनता दरबार में सोमवार को इंसानियत और प्रशासनिक तत्परता की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। सुदूर गागर गांव से पहुंची तिलावती देवी के जीवन में उस वक्त नई रोशनी आई, जब डीएम के निर्देश पर मौके पर ही उनके कान में सुनने की मशीन लगाई गई। सुनने में असमर्थता के कारण अब तक कठिन जीवन जी रही तिलावती देवी की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे। मशीन लगने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी का आभार जताया और मुस्कान के साथ घर को रवाना हुईं। डीएम ने समाज कल्याण विभाग और एनटीपीसी सखी टीम को तत्काल बुलाकर यह मानवीय पहल सुनिश्चित कराई। जनता दरबार में अन्य मामलों पर भी डीएम ने सख्त रुख अपनाया। गुरेली निवासी कल्याण सिंह की भूमि पर कब्जे की शिकायत पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं बन्ने क्षेत्र में नवीन चंद के घर के पास खतरनाक बने बिजली के पोल को हटाने के आदेश जारी किए गए।

कानीकोट क्षेत्र के रमेश गड़कोटी के भवन को खतरा पैदा कर रही स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन विभाग को तत्काल सुरक्षा दीवार निर्माण के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 36 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। हालांकि जन मिलन कार्यक्रम में देरी के चलते कुछ लोग अगली तारीख पर आने की बात कहकर लौट गए, लेकिन जो भी फरियादी मौजूद रहे, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *