

फोटो – पूर्णागिरि मेले में ठुलीगाड़ रैन बसेरे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ प्रशासन की बेहतर व्यवस्थाओं से मिल रही राहत।
टनकपुर। पूर्णागिरि मेले में आस्था का जनसैलाब लगातार उमड़ रहा है। अवकाश के चलते आज श्रद्धालुओं की संख्या 25 हजार के पार पहुंच गई, जिससे पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। मौसम भी इस बार तीर्थ यात्रियों के पक्ष में दिखाई दे रहा है। बीच-बीच में हो रही हल्की बारिश और ठंडी हवाओं ने यात्रा को सुगम और राहतभरी बना दिया है, जिससे श्रद्धालुओं को गर्मी से काफी राहत मिल रही है। मेला क्षेत्र में ठुलीगाड़ रैन बसेरा तीर्थ यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा साबित हो रहा है, जहां उन्हें आराम और मूलभूत सुविधाएं बेहतर तरीके से मिल रही हैं। वहीं, लंबे समय से पुजारियों और व्यापारियों को रसोई गैस की हो रही समस्या का भी समाधान कर दिया गया है।
मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने पहल करते हुए इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और जिला पूर्ति विभाग से समन्वय स्थापित कर स्थानीय स्तर पर गैस वितरण सुनिश्चित कराया, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है। इंटरनेट कनेक्टिविटी की कमी के बावजूद गैस आपूर्ति की व्यवस्था सुचारू रूप से लागू कर प्रशासन ने अपनी तत्परता का परिचय दिया है। इसके अलावा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ठुलीगाड़ क्षेत्र से मुख्य मंदिर तक लगातार घोषणाएं की जा रही हैं, जिससे यात्रियों को मार्गदर्शन मिलता रहे। सुरक्षा के लिहाज से भी मेला क्षेत्र पूरी तरह सतर्क है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कर सकें। कुल मिलाकर, पूर्णागिरि मेला इस बार बेहतर व्यवस्थाओं और अनुकूल मौसम के चलते श्रद्धालुओं के लिए सुखद अनुभव बनता जा रहा है।


