देवीधुरा के बाराही धाम में ऐतिहासिक क्षण: 20 मार्च को सीएम धामी रखेंगे भव्य मंदिर की आधारशिला, शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर जनमानस में जबरदस्त उत्साह, प्रशासन और ट्रस्ट ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

Spread the love

 

 

फोटो – बाराही धाम में श्री बाराही शक्तिपीठ के पदाधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।

लोहाघाट। बाराहीधाम देवीधुरा में 20 मार्च को होने जा रहे भव्य मंदिर निर्माण के शिलान्यास समारोह को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं प्रशासन और मंदिर समिति तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मंगलवार को बाराही धाम पहुंचकर हेलीपैड, आवागमन मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री बाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।

ट्रस्ट के अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, दिनेश जोशी सहित अन्य प्रमुख लोगों ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी दी। शिलान्यास को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए गुजरात के सोमपुरा ग्रुप के अध्यक्ष विपुल द्विवेदी और दिल्ली से आर्किटेक्ट सीवी टम्टा भी मौके पर पहुंच चुके हैं। मंदिर समिति के संरक्षक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने बताया कि बाराही धाम से मुख्यमंत्री धामी का विशेष लगाव रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों में उनके प्रति गहरा सम्मान और आत्मीयता का भाव है। उन्होंने कहा कि यह क्षण पूरे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण है और बाराही धाम को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए आसपास के गांवों के लोग भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। उप जिलाधिकारी नितेश डागर, पुलिस क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हितेश कांडपाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी दिनभर व्यवस्थाओं में जुटे रहे। प्रशासन के अनुसार, हेलीपैड और मुख्यमंत्री के आवागमन मार्ग को पूरी तरह दुरुस्त कर लिया गया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *