
टनकपुर। शारदा घाट पर स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया, जब जल पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अलग-अलग समय पर नदी में डूब रहे चार लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे गोंडा सिटी निवासी 14 वर्षीय देवांश श्रीवास्तव (पुत्र बसंत श्रीवास्तव) और 29 वर्षीय प्रमोद कुमार (पुत्र उदयमान) शारदा नदी में स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए। मौके पर तैनात जल पुलिस टीम ने बिना देर किए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके कुछ ही मिनट बाद, करीब 9:40 बजे बरेली जिले के सेंधा गांव निवासी 13 वर्षीय बृजेश मौर्य (पुत्र भानु प्रताप मौर्य) भी नदी में डूबने लगा, जिसे टीम ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर लिया।
वहीं, तीसरी घटना में करीब 10:35 बजे बरेली के ओल्ड सिटी निवासी 17 वर्षीय लक्ष्य गुप्ता (पुत्र सुनील गुप्ता) को भी कुशलतापूर्वक बचाया गया। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच जल पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ से चारों लोगों की जान बच सकी। इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन में जल पुलिस के रविंद्र कुमार पहलवान, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने अपील करते हुए कहा कि शारदा घाट पर स्नान करते समय लोग विशेष सावधानी बरतें। गहरे पानी में जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जल पुलिस की टीमें लगातार तैनात हैं, लेकिन अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।


