लोहाघाट में गैस के लिए हाहाकार: हथरंगिया चौराहे पर पुलिस के साये में वितरण, दावों की खुली पोल, प्रशासन बोले पर्याप्त आपूर्ति, जमीनी सच्चाई, लंबी कतारें, जाम और खाली हाथ लौटते उपभोक्ता

Spread the love

 

लोहाघाट। चम्पावत जिले में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर प्रशासनिक दावे जमीनी हकीकत के सामने पूरी तरह बेअसर साबित हो रहे हैं। नगर क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था बदहाल नजर आई, जहां अव्यवस्था, भारी भीड़ और कुप्रबंधन ने लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। हथरंगिया चौराहे पर गुरुवार को हालात सबसे ज्यादा बिगड़े नजर आए। प्रशासन जहां पर्याप्त गैस आपूर्ति का दावा कर रहा है, वहीं मौके पर सैकड़ों उपभोक्ता सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े दिखे। भीड़ इतनी अधिक हो गई कि सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और आवाजाही तक प्रभावित हो गई।

स्थिति इस कदर बिगड़ गई कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभालना पड़ा। पुलिस की मौजूदगी में किसी तरह गैस का वितरण कराया गया, लेकिन इसके बावजूद कई लोग घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर रहे।

स्थानीय लोगों और वार्ड सभासद योगेश जोशी ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वितरण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। उनका कहना है कि लोगों को कई-कई दिनों तक गैस नहीं मिल पा रही, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

वहीं एजेंसी प्रबंधन ने सफाई देते हुए कहा कि रविवार की छुट्टी के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई है। सीमित संख्या में सिलेंडर उपलब्ध हैं और रोस्टर के आधार पर वितरण किया जा रहा है। इसके बावजूद जमीनी हालात कुछ और ही कहानी बयां कर रहे हैं। हर वितरण केंद्र पर भीड़ का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कई जगहों पर धक्का-मुक्की और विवाद की स्थिति भी बन रही है।

गौरतलब है कि जिले में रसोई गैस को लेकर हालात अब ‘मारामारी’ जैसे बनते जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। फिलहाल आमजन अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर गैस के लिए जूझने को मजबूर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *