जनता मिलन में उमड़ा जनविश्वास, 92 फरियादें हुईं दर्ज ,जिलाधिकारी मनीष कुमार के सख्त निर्देश समयसीमा में हो शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण

Spread the love

 

फोटो – जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं उपस्थित अधिकारी।

 

चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों द्वारा कुल 92 शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। जनता मिलन के दौरान कई मामलों में मौके पर ही राहत प्रदान की गई। ग्राम मौनकांडा की रीता महराना की शिकायत पर उन्हें आवास, राशन कार्ड और किसान पेंशन योजना का लाभ दिलाने हेतु तत्काल पंजीकरण की कार्यवाही कराई गई। वहीं ग्राम डुंगरासेठी की विमला देवी एवं वैशाली द्वारा जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा की मांग पर कृषि अधिकारी एवं उद्यान अधिकारी को प्राथमिकता के आधार पर चैन लिंक फेंसिंग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। छतार निवासी बलदेव गडकोटी की अधिक विद्युत बिल संबंधी शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल बिल संशोधित करने के निर्देश दिए गए। बाराकोट निवासी हरीश राम की दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाने की प्रार्थना पर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं समाज कल्याण अधिकारी को तुरंत प्रमाण पत्र निर्गत करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त खेतीखान निवासी मदन सिंह बोहरा ने दैवीय आपदा से हुई क्षति की भरपाई की मांग रखी, ग्राम पचनई के शिवराज सिंह ने आवास व रोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, नागनाथ वार्ड के भुवन कुमार ने छात्रवृत्ति की मांग की, ललुवापानी की सोनम बिष्ट ने घरेलू हिंसा से संरक्षण हेतु सहायता मांगी, खूनाबोरा के पूरन सिंह ने पेयजल समस्या समाधान एवं आर्थिक सहायता की मांग रखी, बाजरीकोट निवासी अशोक सिंह कार्की ने ग्राम में सोलर लाइट लगाने का अनुरोध किया, बनबसा की निर्मला देवी ने ऋण माफी, ग्राम झालाकुड़ी के जीवन राम ने आधार कार्ड निर्माण तथा ग्राम रैघाड़ी के दीपक जोशी ने पीएमजीएसवाई सड़क की मरम्मत की मांग रखी।

जनता मिलन में दशरथ सिंह, जानकी देवी, राम सिंह, बंशीधर भट्ट, डिकर देव, हेमा देवी, गौरव शर्मा, सरस्वती बोहरा, संतोषी देवी, चंदन सिंह नेगी, प्रकाश चंद्र, भरत राम सहित अन्य फरियादियों ने भी विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी सदर अनुराग आर्या, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *