
कालाढूँगी विधानसभा अंतर्गत आज लामाचौड़ क्षेत्र में खनन विभाग के ठेकेदारों द्वारा बिना स्पष्ट अनुमति एक स्टॉक पर छापा मारने का प्रयास किया गया तथा स्थानीय लोगों के साथ अनुचित व्यवहार किए जाने की सूचना प्राप्त हुई। ग्रामीणों के आग्रह पर तत्काल मौके पर पहुँचकर संबंधित ठेकेदार के इंचार्ज से की जा रही कार्रवाई का स्पष्टीकरण माँगा गया और यदि प्रक्रिया में कोई त्रुटि हुई हो तो सार्वजनिक रूप से क्षमा याचना करने को कहा गया।
काफी समय तक संबंधित पक्ष अपनी गलती स्वीकार करने को तैयार नहीं हुआ, जिससे स्थानीय लोगों में स्वाभाविक आक्रोश उत्पन्न हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों से वार्ता की गई तथा नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य जी एवं हल्द्वानी विधायक श्री सुमित हृदयेश जी से चर्चा कर संभावित जनआंदोलन के संबंध में समर्थन प्राप्त किया गया।
स्थिति की संवेदनशीलता को समझते हुए जिला खनन अधिकारी स्वयं मौके पर पहुँचे और हस्तक्षेप किया। उनके हस्तक्षेप के पश्चात संबंधित व्यक्ति द्वारा क्षमा याचना किए जाने पर मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ गया।
उत्तराखंड के सम्मानित नागरिकों को अनावश्यक रूप से परेशान करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रशासनिक कार्रवाई सदैव कानूनसम्मत, पारदर्शी एवं सम्मानजनक होनी चाहिए। इस प्रकार की घटनाओं की घोर निंदा की जाती है तथा समय पर सहयोग एवं समर्थन प्रदान करने हेतु नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य , हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश एवं अन्य जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया जाता है।


