

फोटो – जिला सूचना कार्यालय में आयोजित होली मिलन समारोह में खड़ी होली गाते जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं पत्रकार बंधु।
चम्पावत। होली के उल्लासपूर्ण अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर रंगों, रिश्तों और रागों से सराबोर नजर आया। होली मिलन समारोह में जनपद के पत्रकारों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक मंच पर आकर काली कुमाऊँ की पारंपरिक होली का आनंद लिया। अबीर-गुलाल की खुशबू, ढोलक की थाप और सामूहिक स्वरों की मधुरता ने पूरे वातावरण को लोक-संस्कृति के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की संगत में कुमाऊँनी खड़ी होली का सामूहिक गायन हुआ, जिसने उपस्थित सभी लोगों को उत्साह और आत्मीयता से भर दिया। हंसी-ठिठोली और लोकधुनों के बीच आयोजन ने प्रशासन और मीडिया के रिश्तों को और प्रगाढ़ करने का संदेश दिया।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पत्रकार बंधुओं को रंग लगाकर शुभकामनाएं दीं और स्वयं भी होली गायन में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सौहार्द, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव है। लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रशासन और मीडिया के स्वस्थ समन्वय से जनहितकारी योजनाएं प्रभावी रूप से जनता तक पहुंचती हैं।
अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने भी सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन आपसी आत्मीयता को सुदृढ़ करते हैं और कार्य संबंधों में बेहतर सामंजस्य स्थापित करते हैं।
समारोह में खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी चन्दन सिंह बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान सहित सूचना विभाग के कर्मचारी और जनपद के अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक होली गीतों की प्रस्तुति देकर आयोजन को यादगार बना दिया।


