द्वाराहाट के बीडीसी बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जनता की समस्याओं का किया त्वरित समाधान, क्षेत्र में विकास कार्यों को रफ्तार देने के अधिकारियों को दिए निर्देश

Spread the love

फोटो – शिष्टमंडल के साथ डाॅ आरती किरौला ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए।

 

द्वाराहाट । जिला अधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने विकास खंड द्वाराहाट की बीडीसी बैठक में उठे विभिन्न जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में वहां के जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की।

 

इस अवसर पर जल जीवन मिशन के अंतर्गत रुके हुए कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ कराने का विषय प्रमुखता से जनप्रतिनिधियों की ओर से रखा गया। साथ ही यह भी निवेदन किया गया कि चूँकि द्वाराहाट क्षेत्र एक शुष्क (ड्राई) क्षेत्र की श्रेणी में आता है, अतः यदि जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य अपेक्षित रूप से सफल नहीं हो पाते हैं, तो ऐसी स्थिति में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वैकल्पिक योजना की स्पष्ट कार्ययोजना भी बनाई जानी चाहिए।

इसके अतिरिक्त रुके हुए सड़क निर्माण कार्यों तथा NPCC द्वारा निर्मित सड़कों से संबंधित समस्याओं के समाधान, तथा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति, उप खंड शिक्षा अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी की नियुक्ति तथा समस्त GIC एवं GGIC विद्यालयों में नियमित प्रधानाचार्यों की नियुक्ति का विषय भी प्रमुखता से रखा गया।

साथ ही ऐसे पात्र एवं जरूरतमंद गरीब परिवार जिनके अंत्योदय कार्ड अभी तक नहीं बन पाए हैं, उनके अंत्योदय कार्ड बनाए जाने, केंद्रीय विद्यालय द्वाराहाट में शैक्षिक स्तर के विधिवत आरम्भ, मनरेगा में नेटवर्किंग की समस्या के कारण रनिंग पेमेंट में आ रही बाधाओं तथा सूचनाओं के आदान-प्रदान में हो रही कठिनाइयों, तथा जंगली जानवरों से ग्रामीणों की सुरक्षा हेतु पिंजरों की व्यवस्था के संबंध में भी जिलाधिकारी महोदय को अवगत कराया गया।

 

इसके अतिरिक्त विकास खंड द्वाराहाट को दुर्गम श्रेणी में शामिल किए जाने का विषय भी रखा गया, ताकि यहाँ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की नियुक्ति सुचारु रूप से हो सके और क्षेत्र की जनता को प्रशासनिक सेवाओं का समुचित लाभ प्राप्त हो सके।

माननीय जिलाधिकारी महोदय ने सभी विषयों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए आश्वस्त किया इन समस्याओं के समाधान के लिए इसी माह विकास खंड स्तर पर संबंधित विभागों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

 

इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख द्वाराहाट सुनील कांडपाल, दुधोली ग्राम प्रधान प्रमोद कुमार , भेट ग्राम प्रधान  पान देव  तथा धन्यारी ग्राम प्रधान प्रकाश अधिकारी भी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *