जंगलों की सुरक्षा को लेकर बड़ी तैयारी: नालिया चौकी में स्मोक मॉक ड्रिल, विभागों ने दिखाई तत्परता ,वनाग्नि से निपटने की परख, 92 कार्मिकों की भागीदारी; ड्रोन से हुई पूरी कवरेज

Spread the love

 

 

फोटो – ,मॉक ड्रिल के दौरान जंगलों को आग से बचाने में जुटे अधिकारी व कर्मचारी।

चम्पावत। जंगलों को आग से बचाने के उद्देश्य से वन विभाग ने विभिन्न विभागों के सहयोग से नालिया चौकी क्षेत्र में व्यापक स्मोक मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य वनाग्नि की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, समन्वय और संसाधनों के प्रभावी उपयोग की तैयारी को परखना था।

मॉक ड्रिल में वन विभाग, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF), राजस्व/ब्लॉक कर्मी, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग तथा पंचायत प्रतिनिधियों सहित कुल 92 लोग शामिल हुए। अभ्यास के दौरान देहरादून कंट्रोल से प्रथम सूचना 11:34 बजे प्राप्त हुई कि वन क्षेत्र में आग लगी है। इसके बाद क्रमशः तीन अलग-अलग सूचनाएं दी गईं, जिन पर तैयार दल ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कार्यवाही शुरू की।

गांव के लोगों ने भी इस बड़े स्तर के रेस्क्यू और नियंत्रण अभियान को नजदीक से देखा। कड़ी मशक्कत के बावजूद लगभग 0.70 हेक्टेयर वन क्षेत्र आग की चपेट में आया, लेकिन टीम की त्वरित एवं तकनीकी कार्रवाई से बड़ी घटना टाल दी गई। पूरे मॉक ड्रिल की निगरानी और कवरेज ड्रोन कैमरे से की गई।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं वन क्षेत्र अधिकारी हिमालय सिंह टोलिया ने बताया कि अभ्यास पूरी तरह सफल रहा। आग बुझाने के दौरान दो वनकर्मी हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। समय पर उपचार मिलने से कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।

यह मॉक ड्रिल न केवल वन विभाग की सतर्कता का प्रमाण बनी, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि जंगलों की सुरक्षा के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद और प्रतिबद्ध है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *