बनबसा मिलिट्री स्टेशन में अग्निवीर भर्ती रैली : दूसरे दिन 700 युवाओं ने दिखाया अपना दमखम।

Spread the love

 

फोटो – अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पर सतत निगरानी रखते सैना के वरिष्ठ अधिकारी।

550 से अधिक अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में हुए सफल, पारदर्शी व्यवस्था के बीच देशसेवा का जोश चरम पर।

 

चम्पावत। बनबसा मिलिट्री स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली के दूसरे दिन शुक्रवार को युवाओं का उत्साह चरम पर नजर आया। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जनपद की विभिन्न तहसीलों से आए करीब 700 से अधिक अभ्यर्थियों ने जनरल ड्यूटी, ट्रेडमैन एवं तकनीकी पदों के लिए आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।

मैदान में युवाओं का आत्मविश्वास और देशसेवा का जज्बा साफ झलक रहा था। निर्धारित मानकों के तहत हुई दौड़, बीम, लंबी कूद सहित अन्य शारीरिक परीक्षणों में अभ्यर्थियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। दूसरे दिन आयोजित परीक्षा में 550 से अधिक युवाओं ने सफलता हासिल कर अगले चरण के लिए अपनी पात्रता सुनिश्चित की। यह संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया मुख्यालय भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अधीन पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराई जा रही है। आयोजन स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।

अग्निवीर श्रेणी में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर अपने अनिवार्य मूल दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें हाईस्कूल व इंटरमीडिएट अंकपत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, एनसीसी प्रमाण पत्र, संबंध प्रमाण पत्र, राज्य/राष्ट्रीय खेल प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र शामिल हैं। सभी शॉर्टलिस्ट अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर सामूहिक संदेश के माध्यम से पूर्व में आवश्यक दिशा-निर्देश भेजे जा चुके हैं। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं। बनबसा की धरती पर उमड़ा यह जोश स्पष्ट संकेत दे रहा है कि सीमांत क्षेत्र के युवा देशसेवा के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *