
फोटो – धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क उपचार के लिए अपनी बारी का इंतजार करते ।

फोटो – महिला रोगी का परिक्षण करते डॉ बनर्जी।
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में इस वर्ष का पहला निशुल्क ईएनटी (कान-नाक-गला) चिकित्सा शिविर प्रारंभ हो गया है। शिविर के संचालन के लिए सिलीगुड़ी से ख्याति प्राप्त ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. शेखर बनर्जी के नेतृत्व में चार सदस्यीय चिकित्सा दल पहुंचा है। टीम में ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. तीमार अभिजीत बसु एवं वैशाली बसु भी शामिल हैं।
इस शिविर की विशेषता यह है कि यहां पहली बार ऑडियोलॉजिस्ट द्वारा मरीजों के कानों की संपूर्ण ऑडियो जांच की जा रही है, जिससे सुनने संबंधी समस्याओं का सटीक निदान संभव हो पा रहा है।
पहली बार सेवा देने आए डॉक्टरों की टीम ने कहा कि आश्रम में आकर उन्हें सेवा और समर्पण की सच्ची भावना देखने को मिली। चिकित्सालय में किसी प्रकार का कैश काउंटर नहीं है, बल्कि पूरी व्यवस्था नियम, अनुशासन और सेवा भाव से संचालित होती है। मरीजों को “नारायण” मानकर उनकी सेवा की जाती है, जो यहां की सबसे बड़ी विशेषता है।
चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एक देवानंद जी महाराज के निर्देशन में समर्पित टीम पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। उन्होंने चिकित्सा दल का स्वागत करते हुए स्टाफ से परिचय कराया और बताया कि देश के विभिन्न हिस्सों से विशेषज्ञ डॉक्टर यहां सेवा देने के लिए प्रस्ताव भेज रहे हैं, जिन्हें समयबद्ध किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि 8 से 12 अप्रैल तक यहां विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के रोग, लिए विशेष ईएनटी, एवं मेडिसिन कैंप भी लगाया जाएगा। नेत्र चिकित्सा के लिए यहां अत्याधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की गई है। शिविर के पहले दिन सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग अपनी बारी का शांतिपूर्वक इंतजार करते नजर आए।


