

लोहाघाट। स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट की मेधावी शोध छात्रा कुमारी कविता ने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में आयोजित पीएचडी की अंतिम मौखिक परीक्षा (वाइवा) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की है। कविता ने यह उपलब्धि डॉ. रवि सनवाल (असिस्टेंट प्रोफेसर, वाणिज्य विभाग) के निर्देशन में हासिल की। उनका शोध विषय “कुमाऊं क्षेत्र के सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों पर प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का प्रभाव” रहा, जिसमें क्षेत्र के छोटे व्यवसायों पर योजना के प्रभाव का गहन अध्ययन किया गया।
पीएचडी की मौखिक परीक्षा में बाह्य परीक्षक के रूप में प्रो. आर.एस. पांडेय, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय (चौरस परिसर) से उपस्थित रहे। इस दौरान प्रो. एच.आर. कौशल (विभागाध्यक्ष, वाणिज्य संकाय) सहित अन्य प्राध्यापक एवं शोधार्थी भी मौजूद रहे। वर्तमान में कविता एलएसएम कैंपस पिथौरागढ़ में वाणिज्य विभाग में अतिथि शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे रही हैं। वहीं, उनके शोध निर्देशक डॉ. रवि सनवाल को ‘टीचर ऑफ द ईयर 2024’ सम्मान प्राप्त हो चुका है तथा उनके कई शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्हें वर्ष 2025-26 में “मुख्यमंत्री उत्कृष्ट शोध पत्र प्रोत्साहन योजना” का लाभ भी मिला है। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता सहित समस्त प्राध्यापकों एवं स्टाफ ने इस उपलब्धि पर डॉ. रवि सनवाल एवं कुमारी कविता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


