बारिश बेअसर, ‘स्वाला डेंजर जोन’ रहा पूरी तरह चालू — चंपावत में प्रशासन की तैयारी ने बदली तस्वीर

Spread the love

मूसलाधार वर्षा के बीच भी नहीं थमा यातायात, डीएम मनीष कुमार की सख्त निगरानी रंग लाई सड़कों पर रफ्तार बरकरार, जनजीवन आंशिक प्रभावित।

 

चंपावत। लगातार हो रही बारिश के बीच इस बार एक राहत भरी तस्वीर सामने आई है। कभी हल्की बारिश में भी दिनों तक बंद रहने वाला स्वाला डेंजर जोन इस बार मूसलाधार वर्षा के बावजूद पूरी तरह खुला रहा। न यातायात रुका, न लोगों की आवाजाही और यही इस बार प्रशासन की बड़ी कामयाबी बनकर उभरी है।

इस बदलाव के पीछे जिला प्रशासन की मजबूत रणनीति और जिलाधिकारी मनीष कुमार की कड़ी निगरानी को अहम माना जा रहा है। पहले जहां स्वाला का नाम सुनते ही लोगों में डर और चिंता बढ़ जाती थी, वहीं इस बार वाहन बेखौफ गुजरते नजर आए। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इसे बड़ी राहत बताते हुए प्रशासन की सराहना की है। बुधवार तड़के करीब 3-4 बजे से शुरू हुई बारिश लगातार जारी है। आसमान से बरसते पानी ने नदियों-नालों को उफान पर ला दिया है, खेत-खलिहान जलमग्न होने लगे हैं और किसानों की चिंता बढ़ गई है। कुछ इलाकों में जनजीवन जरूर प्रभावित हुआ है, लेकिन सड़क व्यवस्था ने हालात को संभाले रखा है। मौसम के इस बदले मिजाज ने अप्रैल में ही सर्दियों जैसा अहसास करा दिया है। तापमान में गिरावट के चलते लोग फिर से गर्म कपड़ों में नजर आने लगे हैं। सुबह 8 बजे अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

बारिश के आंकड़े भी स्थिति की गंभीरता दिखाते हैं पिछले 24 घंटों में चंपावत में 14.50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। लोहाघाट में 4.50 मिमी, पाटी में 1.00 मिमी और टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में 4-4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि लगातार बारिश के बावजूद जिले की सभी प्रमुख सड़कें—राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर राज्य मार्ग, एमडीआर और ओडीआर पूरी तरह सुचारु बनी हुई हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। जरूरी काम होने पर ही यात्रा करें और पूरी सतर्कता बरतें। क्योंकि बारिश अभी थमी नहीं है और पहाड़ का मिजाज कब बदल जाए, कहना मुश्किल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *