

फोटो – ग्राम पंचायत से नगर पंचायत का दर्जा ले चुकी पाटी नगर पंचायत
रानीचौड़ वार्ड महिला आरक्षित ही रहेगा, आपत्ति खारिज; निष्पक्ष चुनाव के लिए आरओ-एआरओ नियुक्त।
चंपावत। नगर पंचायत पाटी के सामान्य निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने एक ओर जहां वार्ड आरक्षण पर सख्त और स्पष्ट रुख अपनाया है, वहीं दूसरी ओर चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति भी कर दी है। वार्ड संख्या-1 ‘रानीचौड़’ को महिला के लिए आरक्षित किए जाने के खिलाफ प्राप्त एकमात्र आपत्ति को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने नियमों के आधार पर खारिज कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश नगर पालिका (स्थान एवं पदों का आरक्षण और आवंटन) नियमावली, 1994 के तहत कुल सीटों में एक-तिहाई पद महिलाओं के लिए आरक्षित होना अनिवार्य है, इसी क्रम में रानीचौड़ वार्ड को महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया है।
वहीं, राज्य निर्वाचन आयोग उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार डीएम ने चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु अधिकारियों की तैनाती भी कर दी है। उप जिलाधिकारी नीतू डांगर को अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचन अधिकारी (आरओ) तथा डॉ. नारायण सिंह को सदस्य पद के लिए निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही खंड विकास अधिकारी मोनिका पाल को अध्यक्ष पद हेतु तथा उप शिक्षा अधिकारी संजय कुमार भट्ट को सदस्य पद के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी (एआरओ) नामित किया गया है। डीएम ने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से चुनाव प्रक्रिया पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया नियमों और पारदर्शिता के तहत संचालित की जाएगी, जिससे किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।


