मूसलाधार बारिश बनी आफत: टनकपुर चारागाह से लौट रहे पशुपालक की 27 भेड़ों की दर्दनाक मौत , रातभर बारिश में फंसी भेड़ें नहीं बच सकीं, प्रशासन हरकत में—जांच पूरी, मुआवजा प्रक्रिया शुरू

Spread the love

 

चंपावत। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। एक दिल दहला देने वाली घटना में धारचूला निवासी पशुपालक भगत सिंह चलाल की 27 भेड़ों की अचानक मौत हो गई, जिससे पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। जानकारी के अनुसार, भगत सिंह चलाल टनकपुर चारागाह से अपनी भेड़ों को लेकर अपने मूल गांव दारमा (धारचूला) लौट रहे थे। 08 अप्रैल की रात वह मानेश्वर क्षेत्र के बलाई गांव के जंगल में रुके हुए थे। इसी दौरान तेज बारिश और खराब मौसम ने हालात बिगाड़ दिए और उनकी 27 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना 09 अप्रैल की सुबह जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, चंपावत को मिली, जिसके बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। राजस्व और पशुपालन विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची, जहां पशु चिकित्सकों ने मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया, जबकि राजस्व विभाग ने घटना की विस्तृत जांच की। जांच में साफ हुआ कि लगातार हुई भारी बारिश के चलते प्रतिकूल परिस्थितियों में भेड़ों की मौत हुई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ों में मौसम की मार और पशुपालकों की चुनौतियों को उजागर कर दिया है।

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *