

फोटो – भिंगराड़ा में नैनीताल बैंक टूटी फूटी रोड़ रोड़ पर कार्य करते मजदूर।
लोहाघाट। ग्राम पंचायत भिंगराड़ा के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल नैनीताल बैंक रोड लंबे समय से बदहाल स्थिति में था। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के दौरान राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई थी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के सुधारीकरण और नाली निर्माण की मांग कई बार जिला प्रशासन के समक्ष उठाई गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी रही। आखिरकार ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने लोगों की परेशानी को देखते हुए स्वयं पहल की और अपने संसाधनों से सड़क के आवश्यक सुधारीकरण तथा नाली निर्माण का कार्य शुरू करा दिया। इस पहल से क्षेत्रवासियों में खुशी है और उन्होंने ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नैनीताल बैंक रोड क्षेत्र का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। समय रहते सड़क और नाली का निर्माण होने से बरसात में जलभराव की समस्या कम होगी, सड़क सुरक्षित रहेगी और आवागमन भी सुगम होगा।
ग्राम प्रधान गीता भट्ट ने कहा कि जनहित उनके लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक विकास कार्यों में विलंब होता है और जनता को असुविधा होती है, तो ग्राम पंचायत अपने स्तर पर भी हरसंभव प्रयास करती रहेगी, ताकि लोगों को बेहतर और सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।


