फोटो – चंपावत में कांग्रेस के विरोध में प्रदर्शन करते भाजपा के विभिन्न महिलामोर्चा और प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता।
चंपावत। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के नाम को लेकर कांग्रेस द्वारा की जा रही कथित राजनीति के विरोध में शुक्रवार को चंपावत में भारतीय जनता पार्टी के सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नगर के रोडवेज स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्र हुए, जहां से कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नगर में प्रदर्शन किया गया और अंत में कांग्रेस का पुतला फूंका गया। प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दीपा जोशी ने किया जबकि भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल, रेखा देवी, जिला महामंत्री मुकेश कलखुडीया, सुमिता, सरोज चंद, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश संयोजक गौरव पांडे, जिला अध्यक्ष मुकेश जोशी, ओबीसी मोर्चा के पवन नाथ तथा अनुसूचित जाति मोर्चा के सूरज कुमार सहित अनेक पदाधिकारियों ने किया। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस दौरान जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत और दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हर मोर्चे पर असफल होने के बाद अब जनता को भ्रमित करने की राजनीति कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस के पास अपने आरोपों से जुड़े ठोस तथ्य हैं, तो उन्हें पुलिस या हाईकोर्ट के समक्ष लिखित रूप में क्यों नहीं प्रस्तुत किया जाता। केवल आरोप-प्रत्यारोप से न्याय की प्रक्रिया को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार की बढ़ती लोकप्रियता से कांग्रेस बौखलाई हुई है और इसी हताशा में वह एक दिवंगत बेटी के नाम को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। वक्ताओं ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन करार दिया।
महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दीपा जोशी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेम पांडे और ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा ने कहा कि कांग्रेस को इस तरह के कृत्यों पर शर्म आनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एक स्वर्गवासी बेटी की आत्मा को ठेस पहुंचाकर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने का प्रयास कर रही है, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठों द्वारा किए गए इस संयुक्त प्रदर्शन से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि पार्टी अंकिता भंडारी के नाम पर की जा रही कथित राजनीति का कड़ा विरोध करती है और कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे को राजनीतिक मोहरे के रूप में इस्तेमाल किए जाने के खिलाफ एकजुट है।
