

फोटो – मुख्यमंत्री का अभिभूत स्वागत करने के लिए उमड़ा जनसैलाब।
गांधी चौक से गर्जे मुख्यमंत्री: तिरंगे की शान, सैनिकों का सम्मान और विकास की सौगात। मुख्यमंत्री का भारी संख्या में आए लोगों ने किया गर्मजोशी के साथ स्वागत।
चम्पावत। जनपद को “मॉडल जिला” बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चम्पावत इस समय अपने “स्वर्णिम काल” से गुजर रहा है। यहां के जीवन को सरल बनाने के साथ-साथ पुरातन वैभव को नई पहचान और चमक देने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की शक्ति और अदृश्य प्रेरणा से ही वे विकास कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।
गांधी चौक में 100 फीट ऊंचे तिरंगे का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह तिरंगा सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि देश के शौर्य, पराक्रम, स्वाभिमान और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने “जय हिंद” के उद्घोष के साथ पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं और एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया और वीरांगनाओं के चरणों की धूल को तिलक के रूप में लगाकर भावुक श्रद्धा प्रकट की। उन्होंने कहा कि वे स्वयं एक सैनिक परिवार से आते हैं, इसलिए सेना और वीर परिवारों के प्रति उनके मन में विशेष सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए जिला अस्पताल में लगभग ₹50 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित की जाएगी और ₹5 करोड़ की लागत से अन्य चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सीटी स्कैन सुविधा पहले ही शुरू हो चुकी है और आने वाले समय में हल्द्वानी जैसे शहरों की बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं चम्पावत में ही उपलब्ध होंगी, जिससे लोगों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गुरुद्वारा श्रीरीठा साहिब एवं बाराही धाम देवीधुरा में हेलीपैड निर्माण और हेली सेवा शुरू करने की योजना है। पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोलज्यू मंदिर, मानेश्वर धाम, बाराही धाम और देवीधुरा जैसे धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। करीब ₹55 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन साइंस सिटी को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उत्तराखंड की तीसरी साइंस सिटी होगी, जहां देशभर से विद्यार्थी और वैज्ञानिक आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक का अध्ययन करने आएंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से हजारों नौकरियों के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे प्रदेश के युवाओं में विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में भूमि अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए हजारों एकड़ जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के प्रयासों से कुछ लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन जनता इसका जवाब जरूर देगी। कार्यक्रम के दौरान आईएएस में चयनित छुलापें गांव के युवा अनुज पंत युवाओं को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं और यह पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, सतीश चन्द्र पाण्डेय सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए भारी संख्या में लोग उमड़े हुए थे महिलाओं ने उन पर पुष्प वर्षा की तथा युवाओं ने जेसीबी के उपर से पुष्प वर्षा की अपने अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


