टनकपुर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत को दी बड़ी स्वास्थ्य सौगात,एसीएलएस एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

Spread the love

उप जिला चिकित्सालय में आधुनिक नेत्र सर्जरी मशीन का लोकार्पण, मरीजों से संवाद कर जानी स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति

 

 

 

टनकपुर/चम्पावत। जनपद चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर स्थित उपजिला चिकित्सालय से एडवांस्ड कार्डियोवस्कुलर लाइफ सपोर्ट (एसीएलएस) एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आधुनिक एम्बुलेंस के शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को आपातकालीन स्थितियों में त्वरित और उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरणों से लैस यह एम्बुलेंस गंभीर हृदय रोग, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को अस्पताल तक सुरक्षित और शीघ्र पहुंचाने में मददगार साबित होगी। इससे जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपजिला चिकित्सालय टनकपुर में आधुनिक फेकोइमल्सीफिकेशन मशीन का भी लोकार्पण किया। इस मशीन के माध्यम से अब मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की सर्जरी आधुनिक तकनीक से स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगी। इससे मरीजों को इलाज के लिए अन्य जिलों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और विशेष रूप से बुजुर्ग मरीजों को बड़ी सुविधा मिलेगी। बताया गया कि एसीएलएस एम्बुलेंस बहल पेपर मिल्स लिमिटेड, काशीपुर द्वारा सामाजिक दायित्व के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है। यह एम्बुलेंस आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित है, जो गंभीर मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने में सक्षम है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में स्थापित नई डायलिसिस मशीन का निरीक्षण भी किया और चिकित्सकों से उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष का भी भ्रमण किया और उपचाराधीन मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, त्वरित उपचार और संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन कुमार, ब्लॉक प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, विधायक प्रतिनिधि टनकपुर दीपक रजवार, जिला महामंत्री हिमेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, नोडल अधिकारी मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय केदार सिंह बृजवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *