जंगली आग से लेमनग्रास फसल तबाह, डीएम ने लिया संज्ञान,भुम्वाड़ी गांव के प्रगतिशील किसान को मदद का भरोसा, सुरक्षा दीवार भी बनेगी

Spread the love

 

 

 

लोहाघाट। पाटी ब्लॉक अंतर्गत भुम्वाड़ी गांव में जंगली आग से प्रगतिशील किसान तुलसी प्रकाश की लेमनग्रास फसल को भारी नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। इस गंभीर घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने स्वयं किसान से फोन पर वार्ता कर हालात की जानकारी ली और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

पीड़ित किसान तुलसी प्रकाश ने बताया कि उनका घर जंगल के बीच स्थित है, जहां जंगली आग का खतरा हमेशा बना रहता है। वह विभिन्न कृषि उत्पादों के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय से वन विभाग से खेत के चारों ओर पत्थर की सुरक्षा दीवार बनाने की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में पूर्व में अधिकारियों द्वारा निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका। हाल ही में लगी जंगली आग ने उनकी लेमनग्रास की पूरी फसल को जलाकर राख कर दिया, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। जिलाधिकारी ने न केवल आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया, बल्कि सुरक्षा दीवार की समस्या का भी शीघ्र समाधान कराने की बात कही। जिलाधिकारी से सीधे संवाद के बाद किसान का आत्मबल बढ़ा है। तुलसी प्रकाश ने कहा कि उन्हें खुशी है कि जिले के शीर्ष अधिकारी ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुना। अब उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही उनकी समस्या का स्थायी समाधान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *