
टनकपुर। मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से आई दो महिलाएं शनिवार सुबह शारदा घाट में स्नान के दौरान अचानक गहरे पानी में चली गईं। स्थिति गंभीर होती देख मौके पर मौजूद जल पुलिस और बचाव दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार 7 मार्च 2026 को सुबह लगभग 8 बजे सरोज (35 वर्ष) पत्नी मुकेश कुशवाहा और राधा (45 वर्ष) पत्नी केशी, निवासी इटावा (उत्तर प्रदेश) मां पूर्णागिरी मंदिर के दर्शन के लिए टनकपुर पहुंची थीं। दर्शन से पहले दोनों महिलाएं शारदा नदी के शारदा घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान पैर फिसलने से वे अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद जल पुलिस और बचाव दल ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत नदी में उतरकर दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उन्हें उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस रेस्क्यू अभियान में जल पुलिस के राकेश गिरी, गोताखोर रविंद्र कुमार तथा पीआरडी जवान सूरज शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने बचाव दल की तत्परता की सराहना करते हुए उनकी बहादुरी को सलाम किया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नदी या घाट पर स्नान करते समय सावधानी बरतें और सुरक्षा निर्देशों का पालन अवश्य करें।


