
चम्पावत। माघ मास के पावन अवसर पर जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र चम्पावत स्थित मोटर स्टेशन में आज खिचड़ी भोग का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में क्षेत्र के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाया।
आयोजन में श्रद्धा, आस्था और आपसी सौहार्द का सुंदर संगम देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग के बिना इस तरह का सफल आयोजन संभव नहीं था।
यह आयोजन कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी क्षेत्रवासियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि जनता का प्रेम और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी सहयोगकर्ताओं और कार्यकर्ताओं का भी आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


