

फोटो – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
रोडवेज स्टेशन का होगा हाईटेक कायाकल्प, मल्टीस्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से व्यापार-पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार।
चम्पावत। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में एक और बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया गया है। अब शहर को जल्द ही एक भव्य और आधुनिक ‘सिटी सेंटर’ की सौगात मिलने जा रही है, जिससे पूरे इलाके की तस्वीर बदलने वाली है।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत रोडवेज स्टेशन चम्पावत परिसर में मल्टीस्टोरी पार्किंग और अत्याधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के रूप में ‘सिटी सेंटर चम्पावत’ के निर्माण को शासन से अंतिम मंजूरी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए करीब ₹62.33 करोड़ (₹6233.44 लाख) की भारी-भरकम धनराशि स्वीकृत की गई है।
परियोजना को तेजी से जमीन पर उतारने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में पहली किश्त के रूप में करीब ₹6.23 करोड़ (₹623.34 लाख) भी जारी कर दिए गए हैं, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के अनुसार, यह ‘सिटी सेंटर’ चम्पावत के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। इससे जहां शहर में वर्षों पुरानी पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान मिलेगा, वहीं लोगों को एक ही स्थान पर आधुनिक बाजार की सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
यह परियोजना न सिर्फ शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को नया रूप देगी, बल्कि स्थानीय व्यापार को मजबूती और पर्यटन को नई पहचान भी देगी। साथ ही, युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी खुलेंगे।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि शासन की मंशा के अनुरूप इस ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरी पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरा किया जाएगा ताकि चम्पावत विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके।


