

फोटो_ निःशुल्क ऑपरेशन करते चिकित्सा टीम एवं अपना पंजीकरण कराते लोग।
लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में चार दिवसीय विशाल निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का शुभारंभ हो गया। भारी वर्षा के बावजूद पहले ही दिन दूर-दराज क्षेत्रों से आए करीब पांच दर्जन मरीजों ने अपनी आंखों का परीक्षण कराया, जबकि 20 मरीजों के मोतियाबिंद के सफल ऑपरेशन किए गए। शिविर के लिए कोलकाता से 16 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम पहुंची है, जिसका नेतृत्व डॉ. जयदीप भट्टाचार्य कर रहे हैं। टीम में डॉ. सविता बसु, डॉ. आयन कुंडू सहित कई अनुभवी चिकित्सक शामिल हैं, जो अत्याधुनिक तकनीकों से ऑपरेशन कर रहे हैं। इस टीम में मोमिता मंडल, इलोरा बनर्जी, विश्वजीत आदक, सौमित्रा घोष, पार्थों मुखर्जी, श्रीकांत रक्षित, अनुपम पाल, एस के डे, आतनु बनर्जी, सुनाथ सरकार, सुमंत शाह, बी बनर्जी, एस चटर्रर्जी, के अलावा धर्मार्थ चिकित्सालय के मनोज, पंकज, अनिल, सतीश, दिनेश एवं मोनिका भी सहयोग कर रहे हैं।
शिविर का शुभारंभ आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद जी महाराज ने किया। उन्होंने चिकित्सकों की सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद की “नर सेवा ही नारायण सेवा” की अवधारणा को ये डॉक्टर साकार कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आश्रम की स्थापना के समय जो सेवा के उद्देश्य निर्धारित किए गए थे, आज भी वही इस संस्थान की मूल प्रेरणा बने हुए हैं। दूरस्थ क्षेत्र में उच्च स्तरीय ऑपरेशन थिएटर और सुविधाओं को देखकर बाहर से आए डॉक्टर भी प्रभावित नजर आए। इस दौरान जनरल मेडिसिन शिविर का संचालन डॉ. अनुज सिंह राणा ने किया, जबकि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. इंद्राणी घोष ने बच्चों का उपचार किया। चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद जी महाराज ने बताया कि जून माह तक यहां निशुल्क सर्जरी शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए डॉ. हरेश शाह जैसे प्रख्यात सर्जन भी अपनी सेवाएं देने पहुंच चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आश्रम में सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे मरीजों को बेहतर और निशुल्क उपचार मिल सके। शिविर में पैरामेडिकल स्टाफ भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।


