प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निदेशक खेल दीप्ति सिंह ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण पर दिया जोर

Spread the love

 

फोटो – निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निरीक्षण करतीं निदेशक खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति सिंह।

 

 

लोहाघाट। चम्पावत जनपद के लोहाघाट स्थित छमनिया में निर्माणाधीन प्रदेश के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का मंगलवार को निदेशक खेल एवं युवा कल्याण दीप्ति सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को उच्च गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निदेशक खेल ने महिला स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर और छमनिया स्पोर्ट्स स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज राज्य की बेटियों के लिए खेल के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे महिला खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इसी वर्ष से तीन खेल विधाओं में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। कॉलेज में चयनित छात्राओं को विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आवास की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए अनुभवी और कुशल कोचों की नियुक्ति की जाएगी।

उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कॉलेज में 300 छात्राओं के रहने की क्षमता वाला आधुनिक छात्रावास बनाया जा रहा है। परिसर में फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल मैदान, बास्केटबॉल कोर्ट, बॉक्सिंग रिंग तथा विभिन्न इंडोर खेलों की अत्याधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत, पूर्व प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष गोविंद बोहरा, जीवन गहतोड़ी सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *