

चम्पावत। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले राज्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान करने हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि 01 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ी आगामी 30 अप्रैल 2026 तक अपने आवेदन खेल निदेशालय उत्तराखण्ड में जमा कर सकते हैं।
खिलाड़ी अपने आवेदन स्वयं उपस्थित होकर या पंजीकृत डाक के माध्यम से किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जमा कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र के साथ संबंधित खेल संघ की संस्तुति, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राज्य के प्रतिनिधित्व का प्रमाण पत्र, खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक की बैंक पासबुक की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। इसके अलावा प्रशिक्षक को 180 दिनों के निरंतर प्रशिक्षण का प्रमाण तथा खिलाड़ी को नशीले पदार्थों के सेवन न करने का शपथ पत्र भी देना होगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की इस योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र खिलाड़ियों तक पहुंचना चाहिए, जिससे वे भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने जनपद के सभी पदक विजेता खिलाड़ियों से समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला क्रीड़ा विभाग, चम्पावत से संपर्क कर सकते हैं।


