

फोटो – लोहाघाट शिक्षक भवन में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल ओढ़ाकर एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते शिक्षक संगठन के पदाधिकारी।
लोहाघाट। शिक्षक भवन लोहाघाट में आज प्राथमिक शिक्षक संगठन लोहाघाट इकाई द्वारा एक भावनात्मक और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले चुके जिला अध्यक्ष गोविन्द सिंह बोहरा सहित पिछले दो वर्षों में सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को सम्मानित कर भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक मंत्री मयंक पुनेठा ने किया, जबकि अध्यक्षता कार्यकारी जिला अध्यक्ष उत्तम फर्त्याल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में शतायु प्राप्त पूर्व प्रधानाध्यापक मोती सिंह मेहता की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। ब्लॉक अध्यक्ष कैलाश फर्त्याल ने सभी अतिथियों और उपस्थित शिक्षकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। वरिष्ठ शिक्षक लक्ष्मण सिंह मेहता ने गोविन्द सिंह बोहरा को आदर्श शिक्षक और कुशल नेतृत्वकर्ता बताते हुए उनके शिक्षा, शिक्षण और शिक्षक हितों के लिए किए गए योगदान की सराहना की। विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी घनश्याम भट्ट ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए वर्तमान शिक्षकों से समय पालन और विद्यालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की अपील की। अपने संबोधन में गोविन्द सिंह बोहरा ने शिक्षकों से छात्र हित और विद्यालय विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने मुख्य अतिथि मोती सिंह मेहता के 100 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें कोट भेंट कर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम के दौरान गंगा गिरी, सुमन चंद्र राय, खष्टी बल्लभ पाण्डेय, फतेह सिंह मेहता, इंद्रा आर्या, पीताम्बर भट्ट, राजकुमारी भट्ट, कैलाश वर्मा और मीनाक्षी पाटनी को शाल ओढ़ाकर, माल्यार्पण और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मोती सिंह मेहता ने अपने 44 वर्षों के शिक्षण अनुभव साझा करते हुए सभी शिक्षकों को स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कीर्ति बल्लभ भट्ट, कैलाश ओली, शंकर अधिकारी, श्रीनिवास ओली, सतीश गहतोड़ी, जीवन मेहता, कुंवर प्रथोली, चंद्र किशोर पाण्डेय, जया जोशी, सुशीला चौबे, नीमा टम्टा, सुनील पांडेय, भारती पाण्डेय, नीतू ढेक सहित सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।


