

फोटो : लोहाघाट स्थित गोलू देवता मंदिर में अयोध्या श्रीराम मंदिर एवं बदरीनाथ धाम चोरी प्रकरण के खुलासे और दोषियों को दंड दिलाने की प्रार्थना करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
चम्पावत। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर और बदरीनाथ धाम में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को चम्पावत स्थित प्रसिद्ध गोलू देवता मंदिर में ‘घात’ डालकर न्याय की गुहार लगाई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंदिर परिसर में विशेष प्रार्थना कर भगवान गोलू देवता से इन घटनाओं की सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों को कठोर दंड दिलाने की कामना की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में गोलू देवता को न्याय के देवता के रूप में पूजा जाता है और लोगों की अटूट आस्था उनसे जुड़ी है। ऐसे में उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि मंदिरों में चोरी जैसी घटनाओं का जल्द खुलासा हो और दोषियों को उनके कृत्य की सजा मिले। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल ने कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आस्था के सबसे बड़े केंद्रों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता चाहती है कि इन मामलों में दूध का दूध और पानी का पानी हो तथा दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि “जिस भगवान की आस्था पर करोड़ों लोगों का विश्वास टिका है, उन्हीं के मंदिरों में चोरी होना अत्यंत पीड़ादायक है।” उन्होंने भगवान गोलू देवता से प्रार्थना की कि दोषियों को शीघ्र कानून के कटघरे तक पहुंचाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री निर्मला गहतोड़ी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिराग फर्त्याल, चम्पावत ब्लॉक अध्यक्ष उमेश शर्मा, नगर अध्यक्ष दिग्विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष मुरलीधर, जिला सचिव नीरज पांडे, महामंत्री मनीष कुमार, कमल रेंजवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


