

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श जनपद चंपावत’ के विजन को धरातल पर उतारने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। उत्तराखंड शासन ने नगर पालिका परिषद चंपावत क्षेत्र में LED स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में “नगरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास” मद के अंतर्गत योजना की कुल लागत *₹262.90 लाख* स्वीकृत की गई है। इसके सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में *₹105.16 लाख* की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि अवमुक्त धनराशि को आहरित कर नगर पालिका परिषद चंपावत को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अविलंब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आधुनिक LED लाइटें लगने से शहर की प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ एवं भव्य होगी, जिससे नागरिकों एवं यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। शासन ने कार्य को पूर्ण पारदर्शिता और शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
फोटो :आदर्श जनपद की संकल्पना के तहत नगर में लगने वाली LED स्ट्रीट लाइटों से शहर की सूरत बदलेगी।


