कायाकल्प अवार्ड में चम्पावत का जलवा, जिला अस्पताल समेत कई स्वास्थ्य केंद्र सम्मानित

Spread the love

जिला अस्पताल और उप जिला अस्पताल टनकपुर को कमेंडेशन अवार्ड, पांच पीएचसी भी सम्मानित; आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमबाग ने हासिल किया प्रथम स्थान।

 

फोटो : कायाकल्प अवार्ड में सम्मानित चम्पावत जिला अस्पताल।

 

चम्पावत। स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और अस्पताल प्रबंधन के क्षेत्र में चम्पावत जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के कायाकल्प अवार्ड में जिले के कई स्वास्थ्य संस्थानों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सम्मान हासिल किया है। जिला चिकित्सालय चम्पावत और उप जिला चिकित्सालय टनकपुर को कमेंडेशन अवार्ड से सम्मानित किया गया है।

इसके अलावा जिले के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) को भी कमेंडेशन अवार्ड मिला है। वहीं कायाकल्प कार्यक्रम के तहत जिले के 15 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर आमबाग ने प्रथम स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है।

कायाकल्प योजना के तहत स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, परिसर का रखरखाव, मरीजों की सुविधाओं, अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता समेत विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन किया जाता है। एक्सटर्नल असेसमेंट में जिले के बड़ी संख्या में स्वास्थ्य संस्थानों का बेहतर प्रदर्शन स्वास्थ्य सेवाओं में किए जा रहे सुधारों को दर्शाता है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी स्वास्थ्य संस्थानों के अधिकारियों, चिकित्सकों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी स्वास्थ्य विभाग की टीम के सामूहिक प्रयास, बेहतर प्रबंधन, स्वच्छता व्यवस्था और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं। अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *