

लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए 15 से 20 सितंबर तक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में इंग्लैंड के विश्वविख्यात लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. कृष्णा सिंह पित्त की थैली की पथरी, हर्निया समेत अन्य बीमारियों की दूरबीन विधि से निशुल्क सर्जरी करेंगे। ऑपरेशन के साथ मरीजों को आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। डॉ. कृष्णा सिंह के साथ इंग्लैंड के डॉ. कौशिक राय भी शिविर में सेवाएं देंगे। वहीं पांडिचेरी स्थित जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ पोस्टग्रेजुएट मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (जेआईपीएमईआर) के निदेशक और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. डीएस दूबे ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकीय सहयोग करेंगे। डॉ. दूबे पिछले 16 वर्षों से मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं और उन्होंने अपने जीवन का शेष समय भी जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया है।
डॉ. कृष्णा सिंह पिछले करीब छह वर्षों से मायावती से जुड़े हैं। बीते तीन वर्षों से वह यहां नियमित रूप से निशुल्क सर्जिकल सेवाएं दे रहे हैं। अपनी व्यस्त अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा सेवाओं के बावजूद उन्होंने इस बार मायावती में मरीजों की सेवा के लिए लगातार छह दिन का समय दिया है। उनके द्वारा अब तक किए गए ऑपरेशनों के परिणाम बेहद सफल रहे हैं और उनकी सेवा से क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
डॉ. कृष्णा सिंह की जनसेवा की भावना को उनके पारिवारिक संस्कारों से भी जोड़ा जाता है। उनके पिता डॉ. सीएम सिंह देश के प्रतिष्ठित पशु चिकित्सा वैज्ञानिक रहे और भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) के निदेशक पद पर भी रहे। पशु चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान को देशभर में महत्वपूर्ण माना जाता है।
डॉ. कृष्णा सिंह का कहना है कि ईश्वर और माता-पिता की कृपा से उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा करने का अवसर मिला। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में काम करने के बाद मायावती आकर जरूरतमंद लोगों की सेवा करने से उन्हें जो संतोष और मानसिक शांति मिलती है, उसे शब्दों में व्यक्त करना मुश्किल है। इसी भावना के चलते वह अपनी व्यस्तता के बावजूद मायावती में निशुल्क सेवाएं देने के लिए समय निकालते हैं। मायावती धर्मार्थ चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एक देवानंद जी महाराज ने कहा कि डॉ. कृष्णा सिंह जैसे विश्वस्तरीय विशेषज्ञ का मायावती पहुंचकर गरीब और जरूरतमंद मरीजों की निशुल्क सर्जरी करना पूरे क्षेत्र के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह के चिकित्सा शिविर मायावती की मानव सेवा की परंपरा को मजबूत कर रहे हैं और दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत पहुंचा रहे हैं।
फोटो – सर्जन डॉ. कृष्णा सिंह।



