हल्द्वानी 26 नवम्बर 2026-
सरस मेले के तीसरे दिन जिला पंचायत अध्यक्षा दीपा दर्मवाल ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि हल्द्वानी में राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करें और वहां उपलब्ध स्थानीय एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी अवश्य करें। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है, तो वह न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी लोगों से आग्रह किया कि मेले में आकर कुछ न कुछ सामान जरूर खरीदें, ताकि महिलाओं के स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के प्रयासों को प्रोत्साहन मिल सके।

गुरुवार को सरस आजीविका मेला हल्द्वानी की स्टार नाइट में उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोक गायिका माया उपाध्याय ने अपनी शानदार एवं धमाकेदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनके गीतों पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। स्थानीय जनता ने उनकी प्रस्तुति को खूब सराहा।

अपनी प्रस्तुति के दौरान माया उपाध्याय ने *लाली हो लाली स्या, झूली घाटा शेरदा को होटला, हाई काकड़ी झिल मा लूण पिसो सिल मा, छोरी लछिमा सूरा-सूरा हवा चली, रधुली नथुली का डोर, आदु संसारा आदु मुन्स्यारा, क्रीम पोडरा गसनी, चाहा को होटल खोलूलो इत्ती टनकपुर, दिल्ली को बाजारा लागी माया, लोनडा मालुरा में तो रूनी छु, ओ भिना कसिके जानू द्वारहटा, ओ परुवा ईजा चपल के ल्याछा यस, चन्दना जयपुरिया साड़ी मेरी, भुर भुरु उजाओ हेगो, बेडू पाको बारामासा एवं नारैणा काफल पाको चेता मेरी छैला* जैसे एक से बढ़कर एक लोकप्रिय कुमाऊंनी लोकगीतों की प्रस्तुति दी।
माया उपाध्याय की सुरीली आवाज और पहाड़ की लोकसंस्कृति से जुड़े गीतों ने पूरे माहौल को उत्तराखंडी रंग में रंग दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति पर दर्शक देर तक झूमते रहे और पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
इस दौरान परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित क्षेत्रीय जनता व जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।


