हल्द्वानी, 26 नवंबर 2026: भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) में जनसामान्य की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने तथा गणना कार्य को सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन नैनीताल द्वारा डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (Self-Enumeration) अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी, नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश के क्रम में, एम.बी. इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में आयोजित सरस आजीविका मेले में विशेष स्व-गणना स्टॉल स्थापित किया गया है।
भारत सरकार द्वारा विकसित स्व-गणना वेब पोर्टल (https://se-census-gov.in) के माध्यम से यह स्व-गणना प्रक्रिया आगामी 30 नवंबर, 2026 तक संचालित की जाएगी। सरस मेले में लगाए गए स्टॉल पर आने वाले नागरिकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन और तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा इस कार्यक्रम के सफल संचालन एवं अनुश्रवण हेतु कमल सिंह मेहरा और हितेश जोशी के साथ-साथ
गौरी शंकर काण्डपाल, मंजीत कुमार, पंकज सनवाल एवं ललित मोहन आर्या की तैनाती की गई है, जो सरस मेले के स्व-गणना स्टॉल पर सक्रिय रूप से सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
स्टॉल के माध्यम से मेले में भ्रमण करने हेतु आए हुए लोगों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत स्व-गणना लक्ष्य प्राप्त करने हेतु जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है।


