

फोटो ग्राम बिल्दे में नव-निर्मित भव्य माँ ज्वाला देवी मंदिर, जहां 19 से 23 जुलाई तक प्राण-प्रतिष्ठा एवं पंचदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे।
लोहाघाट। विकासखंड लोहाघाट के ग्राम बिल्दे में देवलिया पांडे परिवार की सात पीढ़ियों से चली आ रही आस्था अब भव्य माँ ज्वाला देवी मंदिर के रूप में साकार हो गई है। परिवार के सामूहिक सहयोग, श्रमदान और जनसहभागिता से निर्मित मंदिर में 19 से 23 जुलाई तक प्राण-प्रतिष्ठा एवं पंचदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। कार्यक्रम का समापन 23 जुलाई को पारायण, पूर्णाहुति और विशाल प्रसाद-भंडारे के साथ होगा।
आयोजन की विशेषता यह है कि हिमाचल प्रदेश स्थित माँ ज्वाला देवी के मूल धाम से अखंड ज्योति लाकर नव-निर्मित मंदिर में प्रतिष्ठित की गई है। ज्येष्ठ राठ के प्रमुख बिपिन चंद्र पांडे ने सभी श्रद्धालुओं से 23 जुलाई को आयोजित महाभंडारे में सपरिवार शामिल होकर माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। यह मंदिर परिवार की एकता, सांस्कृतिक विरासत और अटूट आस्था का जीवंत प्रतीक बन गया है।


