
फोटो – जू० हा० फोर्ती में व्यावसायिक शिक्षा कार्यशाला के शुभारंभ अवसर पर मंचासीन अतिथि।
लोहाघाट। जू० हा० फोर्ती में वार्षिक परीक्षा समापन के पश्चात समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत नई शिक्षा नीति के तहत विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में “एक्सपोजर टू वोकेशनल एजुकेशन” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही विभिन्न कौशलों का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित करना है।
विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष भुवनेश्वरी पुनेठा की अध्यक्षता एवं विद्यालय प्रभारी लक्ष्मण सिंह मेहता के संचालन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान श्रीमती रेनू बगौली ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कौशल बोध कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत हुई।
विद्यालय प्रभारी श्री मेहता ने बताया कि लगभग तीन सप्ताह तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों के सहयोग से प्रतिदिन विभिन्न कौशल आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को मेहंदी कोन बनाना, हिना आर्ट, ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण, हेयर स्टाइल एवं हेयर डाईंग, झाड़ू व टोकरी निर्माण, पौध नर्सरी तैयार करना, अनुपयोगी वस्तुओं से सजावटी सामग्री बनाना, बुनाई से टोपी-मोजे बनाना, सिलाई द्वारा ब्लाउज, पेटीकोट व फॉल लगाना, ऐपण आर्ट से थाली, गिलास, लोटा सजाना, नेम प्लेट बनाना, टाई एंड डाई, पशुपालन व गौधन वृद्धि की जानकारी, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के संचालन जैसे अनेक व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और स्वरोजगार की भावना विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में रोजगार के नए अवसर स्वयं सृजित कर सकें। इस अवसर पर विद्यालय सहयोगी इंद्रा आर्या, जया जोशी, मुन्नी देवी सहित अन्य अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


