आदर्श चम्पावत की ओर बढ़ते कदम, मानेश्वर बाबा ने जिलाधिकारी से भेंट कर विकास कार्यों की सराहना की

Spread the love

 

 

मनेश्वर क्षेत्र की सड़क और पेयजल समस्या से भी कराया अवगत, जिलाधिकारी ने शीघ्र समाधान का दिया भरोसा।

 

 

 

चम्पावत। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चम्पावत जनपद को आदर्श जनपद बनाने की दिशा में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना लगातार हो रही है। इसी क्रम में रविवार को मनेश्वर मंदिर के पूज्य बाबा धर्मराज पुरी जी (मानेश्वर बाबा) ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से शिष्टाचार भेंट की।

भेंट के दौरान मानेश्वर बाबा ने जिलाधिकारी को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और जनपद में मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप हो रहे विकास कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि चम्पावत में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं, जिससे जनपद नई पहचान की ओर बढ़ रहा है।

इस अवसर पर मानेश्वर बाबा ने मनेश्वर क्षेत्र की कुछ स्थानीय समस्याओं से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से सड़क और पेयजल व्यवस्था को लेकर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि धार्मिक आयोजनों और भीड़-भाड़ के समय श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पेयजल की कमी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का सुझाव भी दिया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने पूज्य बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि मनेश्वर क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क और पेयजल से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के “आदर्श चम्पावत” के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *