
फोटो – देहरादून के लोक भवन में उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात करते सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी।
चम्पावत। देहरादून स्थित लोक भवन में गुरुमीत सिंह (लेफ्टिनेंट जनरल सेवानिवृत्त) से सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी ने मुलाकात कर उत्तराखंड के समेकित एवं संतुलित विकास के लिए तैयार किए गए विस्तृत रोडमैप की जानकारी दी।
राज्यपाल ने सेतु आयोग की स्थापना के बाद किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को दीर्घकालिक सोच, नवाचार और संतुलित विकास मॉडल की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आयोग की पहल निश्चित ही सकारात्मक बदलाव लाएगी।
राज्यपाल ने श्री जोशी को बधाई देते हुए कहा कि सेतु आयोग द्वारा किए जा रहे नवाचार प्रयोग राज्य के विकास की नई इबारत लिख सकते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उत्तराखंड की भौगोलिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारना समय की मांग है।
उपाध्यक्ष राजशेखर जोशी ने बताया कि आयोग द्वारा विकास के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार कर लिया गया है और अब उसे प्रभावी रूप से जमीन पर लागू करने की दिशा में कार्य तेज किया जा रहा है। उनका कहना था कि आयोग का उद्देश्य राज्य में संतुलित, समावेशी और टिकाऊ विकास सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव रविनाथ रमन तथा अतिरिक्त सचिव रीना जोशी भी उपस्थित रहे।


