चम्पावत से 11 डॉक्टरों के तबादले पर मचा बवाल, लोगों में भारी आक्रोश; स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल, मॉडल जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर असर की आशंका, डीएम बोले फिलहाल किसी चिकित्सक को कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा

Spread the love

 

 

 

चम्पावत। चम्पावत जिले से एक साथ 11 चिकित्सकों के स्थानांतरण के आदेश के बाद जिले में लोगों का आक्रोश बढ़ गया है। आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि जिन चिकित्सकों के प्रयासों से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है, उनका एक साथ तबादला होने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो सकती हैं। स्थानांतरण सूची में जिला चिकित्सालय चम्पावत के चार, उप जिला चिकित्सालय लोहाघाट के दो, राजकीय चिकित्सालय टनकपुर के तीन चिकित्सकों के अलावा डिप्टी सीएमओ सहित कुल 11 चिकित्सक शामिल बताए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मॉडल जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पिछले कुछ समय में काफी प्रयास किए हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के चिकित्सकों का स्थानांतरण उचित नहीं माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिलाधिकारी मनीष कुमार और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान के प्रयासों से जिले के अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। मरीजों को पहले की तुलना में कम रेफर किया जा रहा है और कई विशेषज्ञ सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं।

विशेष रूप से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्ञान प्रकाश और स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मोनिका गिरी के स्थानांतरण को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों चिकित्सकों ने जटिल मामलों का सफल उपचार कर अस्पताल में लोगों का विश्वास मजबूत किया है।

स्थानांतरण को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। कुछ लोग इसे मॉडल जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला निर्णय बता रहे हैं, जबकि कई लोग इस फैसले पर पुनर्विचार की मांग कर रहे हैं। सत्तारूढ़ दल के कुछ कार्यकर्ताओं में भी इस निर्णय को लेकर नाराजगी की बनी हुई है। अधिकांश लोग विभाग के इस निर्णय को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की साख में भट्टा लगाने का संयंत्र भी मान रहे हैं। उनका कहना है कि पहली बार जिले के चिकित्सालयो की ऐसी अच्छी व्यवस्था देखी गई है। जिसके लिए आम लोग मुख्यमंत्री को मन से धन्यवाद देते आ रहे हैं।

डीएम ने लोगों को दिया भरोसा

चिकित्सकों के स्थानांतरण को लेकर जिलेभर से लगातार लोगों ने जिलाधिकारी मनीष कुमार से फोन पर संपर्क कर अपनी चिंता व्यक्त की है। जिलाधिकारी ने कहा है कि फिलहाल किसी भी स्थानांतरित चिकित्सक को जिले से कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा। उनके इस आश्वासन से लोगों को बहुत बड़ी राहत मिली है और लोगों को भरोसा था कि जिलाधिकारी ऐसा कार्य अवश्य करेंगे जो जनहित में होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *