पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप पर मृतक महिला का शव परिजनों को लौटाया, निजी अस्पताल प्रशासन का दिखा अमानवीय चेहरा, आधे से भी अधिक का बिल कर चुके थे जमा

Spread the love

हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव स्थित निजी अस्पताल पर महिला मरीज के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। यही नहीं अस्पताल में महज दो घंटे के पश्चात ही महिला की मौत हो गई, बावजूद इसके अस्पताल प्रबंधन द्वारा मृत महिला का शव परिजनों को सौंपने के एवज में 80 हजार का बिल जमा करने को कहा गया। मामला SSP नैनीताल मंजूनाथ टीसी के संज्ञान में आने पर अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों को महिला का शव सौंप दिया।

 

 

 

मृतक महिला के परिजनों ने बताया कि अल्मोड़ा निवासी सीमा नामक महिला पहले से अस्वस्थ थी और रेफर किए जाने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी लाई गई थी। इसके बाद उसे चंदन अस्पताल भोटिया पड़ाव में भर्ती कराया गया, जहां मात्र दो घंटे के इलाज के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

 

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर 80 हजार रुपये का बिल बना दिया और 57 हजार रुपये जमा कराने के बावजूद शव देने से इनकार कर दिया। आर्थिक रूप से परेशान परिजन पूरी रात अस्पताल के चक्कर काटते रहे, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया, जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने महिला का शव परिजनों को सौंपा। एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित अस्पताल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *