
लोहाघाट होली महोत्सव में सियासी संग्राम: सीएम धामी के दौरे पर कांग्रेस का विरोध, अपने ही विधायक ने किया स्वागत।
काले झंडे और “गो बैक” के नारे, पुलिस से झड़प; मंच पर विकास की सराहना एक ही दल में दिखी दो अलग तस्वीर।

लोहाघाट। होली के रंगों से सजा लोहाघाट उस समय राजनीतिक तापमान से भी गर्म हो उठा जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी महोत्सव में शिरकत करने पहुंचे। जहां मंच पर उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन हो रहा था, वहीं कार्यक्रम स्थल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लहराते हुए “गो बैक” और “मुर्दाबाद” के नारे लगाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। स्थिति उस वक्त तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक और हल्की झड़प देखने को मिली। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हालात को काबू में कर लिया और कार्यक्रम को शांतिपूर्वक संपन्न कराया।
इस पूरे घटनाक्रम की सबसे दिलचस्प तस्वीर तब सामने आई जब एक ओर कांग्रेस संगठन सड़क पर विरोध दर्ज करा रहा था, तो दूसरी ओर लोहाघाट से कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी मंच पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते और उनके विकास कार्यों की खुलकर सराहना करते नजर आए। विधायक अधिकारी ने अपने संबोधन में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों की प्रशंसा की, जिससे स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया।
एक ही दल के भीतर विरोध और समर्थन की यह दोहरी तस्वीर अब जिले की राजनीति में कई सवाल खड़े कर रही है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी समीकरणों के मद्देनज़र यह घटनाक्रम लोहाघाट की राजनीति में नए संकेत और संभावित बदलाव की आहट दे रहा है। होली के सांस्कृतिक मंच पर सियासी रंगों का यह मेल अब चर्चा का केंद्र बन चुका


