
फोटो – चंद्रा चौबे
लोहाघाट। उत्तराखंड के चम्पावत जनपद के लिए गर्व का क्षण है। राजकीय इंटर कॉलेज सूई की कक्षा 11 की मेधावी छात्रा चंद्रा चौबे का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा संचालित प्रतिष्ठित INSPIRE Award Scheme 2025-26 में राज्य स्तर पर हुआ है।
इस योजना के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 345 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया, जिनमें सरकारी एवं निजी दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ शामिल रहे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच चम्पावत की चंद्रा चौबे ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार क्षमता और निरंतर परिश्रम के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर जनपद का मान बढ़ाया है।
चंद्रा पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी करती रही हैं और कई मंचों पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी यह सफलता उनकी लगन, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम मानी जा रही है। इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है। उनके पिता नवीन चौबे एवं माता पूजा चौबे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का फल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त स्टाफ ने भी चंद्रा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए इसे जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।


