

चंपावत। जनपद में सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों को लेकर उठे विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। विधायक प्रतिनिधि और वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता प्रकाश तिवारी ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।
प्रकाश तिवारी के अनुसार, हल्द्वानी में एक किसान मंच की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके खिलाफ आपत्तिजनक बयान दिए गए, जिससे उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि यह पूरा मामला सुनियोजित तरीके से खड़ा किया गया है और इसके पीछे उनकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की मंशा साफ दिखाई देती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपने वकीलों से विचार-विमर्श कर रहे हैं और जल्द ही न्यायालय में वाद दायर करेंगे। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
प्रकाश तिवारी ने कहा कि दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने दो टूक कहा कि उनकी छवि और प्रतिष्ठा के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसका जवाब कानूनी तरीके से दिया जाएगा।


