क्षेत्रीय समस्याओं का जमीनी स्तर पर आंकलन का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को लेकर मेयर गजराज सिंह ने विभिन्न वार्डों का किया स्थलीय निरीक्षण

Spread the love

 हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के महापौर  गजराज सिंह बिष्ट द्वारा नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्रीय समस्याओं का जमीनी स्तर पर आंकलन कर उनका त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना रहा। महापौर के इस सक्रिय एवं संवेदनशील रुख से क्षेत्रीय जनता में विश्वास एवं संतोष का वातावरण देखने को मिला।

निरीक्षण के प्रथम चरण में वार्ड संख्या 43 स्थित जय दुर्गा कॉलोनी एवं राकासिया नाला क्षेत्र का दौरा किया गया। इस दौरान एडीबी (ADB) के अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। महापौर ने नाला सफाई, जल निकासी एवं आसपास की स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त की जाएं, जिससे जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

द्वितीय चरण में वार्ड संख्या 47 स्थित निलियम कॉलोनी का निरीक्षण किया गया, जहां एडीबी के अधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे। महापौर ने क्षेत्र में सड़क, जल निकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं।

तृतीय चरण में वार्ड संख्या 41 में ओवरहेड टैंक का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद चंद्र प्रकाश , एडीबी एवं जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान ओवरहेड टैंक की वर्तमान स्थिति का आकलन करते हुए इसके पुनर्निर्माण एवं उच्च क्षमता की मोटर लगाए जाने का निर्णय लिया गया। महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यह कार्य शीघ्र प्रारंभ कर क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान महापौर द्वारा कई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष (फोन) पर वार्ता कर तत्काल आवश्यक निर्देश दिए गए, जिसके फलस्वरूप कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण भी किया गया। इससे क्षेत्रीय जनता को त्वरित राहत मिली और प्रशासन की कार्यशैली पर विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।

इस अवसर पर महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि “नगर निगम का प्रत्येक कार्य आमजन की सुविधा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित है। हम जनता की समस्याओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनका समाधान सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है।”

उन्होंने आगे कहा कि “शहर के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि धरातल पर प्रभावी रूप से दिखाई दें।”

महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि “जनता द्वारा उठाई गई प्रत्येक समस्या हमारे लिए महत्वपूर्ण है। नगर निगम की टीम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रही है और भविष्य में भी इसी प्रकार निरंतर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।”

सभी निरीक्षण कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनता का भरपूर सहयोग एवं सहभागिता देखने को मिली, जिसके लिए महापौर ने सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपील की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *