

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के युवा सशक्तीकरण और कौशल विकास के विजन को आगे बढ़ाते हुए जिला प्रशासन ने टनकपुर के विद्यालयों में विशेष करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर जिला सेवायोजन कार्यालय ने राजकीय इंटर कॉलेज एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज टनकपुर में छात्र-छात्राओं को रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी दी।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने विद्यार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, रोजगार के विकल्पों और ‘स्किल प्रतियोगिता-2026’ के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्वरोजगार से संबंधित करियर साहित्य भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के 173 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और करियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। इस अवसर पर विद्यालयों के शिक्षक, सेवायोजन कार्यालय के कार्मिक एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


